KCGखास खबरछत्तीसगढ़

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान बना जनआंदोलन, छुईखदान की 107 ग्राम पंचायतों में एक साथ हुआ सघन वृक्षारोपण

राज नेशनल न्यूज़ छुईखदान, 27 जुलाई 2026 :
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आज जनपद पंचायत छुईखदान की सभी 107 ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान के रूप में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत गोपालपुर के आश्रित ग्राम कोड़का में विकसित भारत–रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) योजना के अंतर्गत ₹10.52 लाख की लागत से स्वीकृत मिश्रित फलोद्यान वृक्षारोपण (ब्लॉक प्लांटेशन) कार्य का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया। इसी प्रकार सभी पंचायतों में भी सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां एक ही दिन में 4 हजार से ज्यादा पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रियंका खम्हन ताम्रकार, अध्यक्ष जिला पंचायत एवं विक्रांत सिंह, उपाध्यक्ष जिला पंचायत उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधरोपण किया। सभी ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष  विक्रांत सिंह ने कहा, “पेड़ लगाकर भूल न जाना, दो साल तक साथ निभाना।” उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, सिंचाई और देखभाल भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का प्रेरणादायी संदेश देता है।

सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, जल संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए।

जिला पंचायत सभापति  ललित चोपड़ा ने कहा कि विगत दिनों जनपद पंचायत छुईखदान परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाने की इच्छा व्यक्त की थी। आज जनपद पंचायत छुईखदान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उस संकल्प को साकार करते हुए सभी 107 ग्राम पंचायतों में अभियान के रूप में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया है। इसके लिए उन्होंने  केश्वरी देवांगन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छुईखदान एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामवासियों से पौधों की नियमित देखभाल करने, उन्हें संरक्षित रखने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर  पुष्पा प्रकाश वर्मा (अध्यक्ष, जनपद पंचायत), निजाम सिंह मंडावी (जिला सदस्य प्रतिनिधि),  दुष्यंत जंघेल (सदस्य, जनपद पंचायत),  प्रकाश वर्मा, आनंद सिन्हा (पूर्व जनपद अध्यक्ष), संदीप वैष्णव (सरपंच) सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button