
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 21 जुलाई 2026// कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों, एग्री स्टेक पोर्टल में किसान पंजीयन, जन शिकायतों के निराकरण तथा विकास कार्यों की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूर्ण की जाएं। समारोह स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर ने एग्री स्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की तहसीलवार प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों से पंजीयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एग्री स्टेक किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों का समग्र डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जा रहा है। इसलिए पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाकर किसानों को पंजीयन के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, जन शिकायतों, राजस्व प्रकरणों तथा विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से जुड़े प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, मैदानी स्तर पर निरीक्षण बढ़ाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



