KCGखास खबरछत्तीसगढ़

नशे से दूर रहने का संकल्प, युवाओं को बताए दुष्परिणाम

पड़ोस युवा संसद 2026-27 में समाज कल्याण विभाग ने किया जागरूक, विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्त समाज बनाने की शपथ

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 17 अक्टूबर : नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति में भी बाधा बनता है। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को पीएमश्री डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल के विज्ञान भवन परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘पड़ोस युवा संसद 2026-27’ के अंतर्गत ‘नशामुक्त युवा’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। साथ ही युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि घम्मन साहू उपस्थित रहे। जिला पंचायत सदस्य दिनेश साहू ने अध्यक्षता की। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा नेता गोरेलाल वर्मा, रानी रश्मि देवी महाविद्यालय के प्राध्यापक यशपाल जंघेल तथा समाज कल्याण विभाग के विनोद वर्मा शामिल हुए।

नशा परिवार और समाज की खुशहाली में बाधक

मुख्य अतिथि घम्मन साहू ने कहा कि समाज और परिवार के सर्वांगीण विकास के लिए नशामुक्त होना जरूरी है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा जीवन में सकारात्मक विचारों और अनुशासन को महत्व देने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करें।

विद्यार्थियों को बताए नशे से बचाव के उपाय

समाज कल्याण विभाग के विनोद वर्मा और महाविद्यालय के प्राध्यापक यशपाल जंघेल ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करती है। युवाओं से अपने परिजनों और मित्रों को जागरूक करने की अपील की गई, ताकि सामूहिक प्रयासों से समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

वक्ताओं ने भारत सरकार द्वारा संचालित नशामुक्ति जागरूकता अभियानों की जानकारी देते हुए नशे से प्रभावित लोगों तक इनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में घम्मन साहू ने उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने, दूसरों को जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी शुभजीत, स्वयंसेवक टिकेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button