
20 ग्राम पंचायतों को मिला टीबी मुक्त ग्राम पंचायत प्रमाण-पत्र एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 08 अक्टूबर 2026 // टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित JOSH Launch Event के क्रम में जिले में जिला स्तरीय जोश टीम का शुभारंभ एवं विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम सांस्कृतिक भवन खैरागढ़ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद संतोष पाण्डेय, विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति लवली शर्मा, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा एवं सीईओ जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का पौधा भेंट कर स्वागत के साथ हुआ। जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव ने टीबी मुक्त भारत अभियान, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत पहल तथा जिले में टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
सांसद संतोष पाण्डेय ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा टीबी की जांच एवं स्क्रीनिंग के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से छाती की जांच कर टीबी की पहचान की जा रही है तथा आमजन को टीबी के लक्षण, जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने अंगदान एवं देहदान को पुनीत कार्य बताते हुए नागरिकों से इसके प्रति जागरूक होने और अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करने की अपील की।
विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए स्वास्थ्य विभाग को बधाई दी। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए नेत्रदान के लिए अधिक से अधिक लोगों को आगे आने की अपील की।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने टीबी उन्मूलन की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अंगदान एवं देहदान के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने हेतु प्रेरित किया।
जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय अंधत्व एवं दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम नंदनी श्रीवास्तव ने विश्व दृष्टि दिवस के महत्व तथा नेत्रदान एवं देहदान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने नागरिकों से अंगदान एवं देहदान के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। रूपेश द्वांगन एवं निरिशा धनकर, छुईखदान को अंगदान तथा प्रभात साहू, ठेलकाडीह, प्रभु राम वर्मा, गंडई एवं कमल अग्रवाल, छुईखदान को देहदान के लिए सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात जिले की 20 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत प्रमाण-पत्र एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान ग्राम पंचायतों द्वारा टीबी उन्मूलन की दिशा में किए गए प्रयासों एवं सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय, विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा एवं सीईओ जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने टीबी मुक्त भारत अभियान की हस्ताक्षर स्टैंडी पर हस्ताक्षर कर टीबी उन्मूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही अंगदान जागरूकता स्टैंडी पर उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर अंगदान की प्रक्रिया एवं पंजीयन संबंधी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, बिशेषर साहू, विकेश गुप्ता, शैलेंद्र मिश्रा एवं शैलेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बीएमओ खैरागढ़ डॉ. विवेक बिसेन, बीएमओ छुईखदान डॉ. मनीष बघेल, जिला नोडल अधिकारी टीबी कार्यक्रम डॉ. रितु राज, जिला नोडल अधिकारी अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम नंदनी श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं मितानिन उपस्थित रहे।



