
एग्रिस्टेक, पीएम किसान, फसल बीमा, सिंचाई सहित विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की हुई समीक्षा
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, विभागीय कार्यों एवं प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में एग्रिस्टेक के अंतर्गत फॉर्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान सम्मान निधि, एग्रिस्टेक बकेट क्लेम एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान सहकारी समितियों के निरीक्षण एवं समितियों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई। खाद्य विभाग की समीक्षा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत अक्टूबर एवं नवंबर माह के चावल के भंडार एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में समय पर चावल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान फसल बीमा से संबंधित किसानों की शिकायतों एवं उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने किसानों की समस्याओं का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग की समीक्षा में जिले के बांधों में उपलब्ध जल की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने उपलब्ध जल के समुचित प्रबंधन पर जोर देते हुए आवश्यकता के अनुसार संबंधित गांवों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जनमन योजना के अंतर्गत शेष बच्चों के आधार कार्ड बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शेष बच्चों के आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी की ऑनलाइन एंट्री की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा हितग्राहियों से संबंधित जानकारी का रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।



