
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 25 अगस्त 2026// कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों, ऑनलाइन पोर्टलों में प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय के लिए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक अब प्रत्येक माह आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर घुमंतू एवं आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए इनकी प्रभावी रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में घुमंतू पशुओं की रोकथाम के लिए आवश्यक व्यवस्था करने तथा जिम्मेदारी तय कर टीमों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि के समय पशुओं की दृश्यता बढ़ाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़कों पर पाए जाने वाले पशुओं के शरीर पर रेडियम लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष मैपिंग एवं सर्वे कार्य को तहसीलवार चिन्हित कर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बैगा पुजारी सम्मान निधि, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले में स्वीकृत, निर्माणाधीन तथा मरम्मत की आवश्यकता वाले आंगनबाड़ी भवनों की अद्यतन जानकारी तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
कृषि क्षेत्र की समीक्षा के दौरान एग्रीस्टैक पोर्टल में किसान पंजीयन की प्रगति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री के तहत किसानों के पंजीयन कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री में विभिन्न श्रेणियों के अपंजीकृत किसानों तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पंजीकृत किसानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष पात्र किसानों का पंजीयन शीघ्र पूरा कराने कहा।
कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ई-डिस्ट्रिक्ट के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने तथा लंबित आवेदनों की संख्या में लगातार कमी लाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के साथ ही आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों से संबंधित शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता, गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


