
7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का होगा संबोधन, विभागवार दायित्व और रूट चार्ट तय
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 5 अक्टूबर 2026 // सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला स्तर पर संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई। जिले के अभियान नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बैठक लेकर अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और विभागवार दायित्व निर्धारित किए।
बैठक में 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर जिले में की जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। सेवा ज्योति कलश यात्रा के लिए रूट चार्ट भी तय किया गया तथा निर्धारित मार्ग एवं कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में यात्रा के दौरान जनभागीदारी, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, सुरक्षा, यातायात, प्रचार-प्रसार सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर समन्वय के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्धारित रूट एवं कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



