KCGखास खबरछत्तीसगढ़

कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक

सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की समीक्षा, विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 22 सितंबर 2026 : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, अभियानों एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की जानकारी ली गई।


कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित तिथियों के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर अभियान की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान, सेवा की कहानी, सेवा सेतु अभियान, आंगन मिलन सेवा, सेवा संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद, मेरे सपनों का भारत तथा नमो सेवा—अनकही कहानियां सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।


जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
सेवा मेरा योगदान गतिविधि दो चरणों में 23 से 25 सितंबर तथा 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इसके तहत नदी एवं घाटों सहित सार्वजनिक स्थलों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, अंगदान संकल्प, साइबर सुरक्षा जागरूकता, डिजिटल साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता जैसे करीब 25 प्रकार के जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर ने प्रत्येक गतिविधि में कार्यक्रमों एवं सहभागियों की संख्या का व्यवस्थित संधारण करने के निर्देश दिए। नदी एवं घाट सफाई अभियान में कार्य से पहले और बाद की तस्वीरें दर्ज करने तथा जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
हितग्राहियों की सफलता की कहानियां तैयार करने के निर्देश
सेवा की कहानी गतिविधि के तहत शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की तथ्यपरक एवं प्रेरक सफलता की कहानियां तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं सेवा सेतु अभियान के तहत निर्धारित तिथियों में शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें आवश्यक सेवाओं का लाभ दिलाने को कहा गया।
कलेक्टर ने आंगन मिलन सेवा एवं सेवा संकल्प यात्रा की तैयारियां भी निर्धारित रोस्टर के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता ही सेवा अभियान की भी समीक्षा
बैठक में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान की भी समीक्षा की गई। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर ने नगरीय निकायों में चल रही गतिविधियों की जानकारी लेते हुए जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।


उन्होंने सड़कों पर बैठे मवेशियों के उचित प्रबंधन के लिए पशुपालन विभाग, नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
लंबित भुगतानों और विभागीय प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में लंबित भुगतानों, नियद नेल्लानार पोर्टल पर विभागीय प्रविष्टियों, सहकारी समितियों से संबंधित शिकायतों तथा नई गठित समितियों के निरीक्षण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित भुगतान प्रकरणों की प्रक्रिया पूर्ण कर भुगतान सुनिश्चित करने, पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां समय पर दर्ज करने तथा नई गठित सहकारी समितियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी विभागों को समय-सीमा के प्रकरणों एवं लंबित कार्यों का निर्धारित अवधि में निराकरण कर प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button