शासन की योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा लाभ
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 5 अक्टूबर 2026 — सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साल्हेवारा में आयोजित शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर के माध्यम से क्षेत्र के नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों और शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में साल्हेवारा में आयोजित शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए। ग्राम रेंगाखार निवासी लक्ष्मण वर्मा एवं ग्राम समनापुर निवासी बृजलाल को छड़ी तथा ग्राम नचनियां निवासी घासीराम आविते को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
सहायक उपकरण मिलने से हितग्राहियों को दैनिक जीवन के कार्यों में सुविधा मिलेगी तथा आवागमन एवं संचार से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी। शिविर में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और उन्हें आवश्यक सेवाओं से जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।


