KCGखास खबरछत्तीसगढ़

स्वच्छ भारत दिवस पर स्वच्छता के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 2 अक्टूबर 2026 // सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वच्छाग्राहियों, स्वच्छता दीदियों, ग्राम पंचायतों एवं सहयोगी टीमों का सम्मान किया गया। कलेक्टर  इंद्रजीत चंद्रवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिला पंचायत एवं नगरपालिका परिषद खैरागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता को जनभागीदारी से निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान ग्राम पंचायत मदनपुर, अतरिया एवं दिलीपपुर के स्वच्छाग्राहियों द्वारा अनुपयोगी सामग्री से तैयार वेस्ट टू आर्ट सामग्री का प्रदर्शन किया गया।

जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक नियंत्रण और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां की जा रही हैं। 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। वहीं 1 अक्टूबर को “एक दिन, एक साथ, एक घंटा” अभियान के तहत जिलेभर में सामूहिक श्रमदान किया गया। पर्यटन स्थलों पर आयोजित स्वच्छता गतिविधियों की वीडियो कवरेज कर अभियान के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने वाली इन्सुलर वीडियो ग्राफी टीम के साकेत श्रीवास्तव,  दिनेश साहू, खुमेश रजक, सन्नी यदु, मनोहर सेन, अजय, भूपेंद्र जंघेल, चंदन वर्मा एवं वर्षा वर्मा को भी सम्मानित किया गया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष  विक्रांत सिंह ने स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त ग्राम-शहर के लिए सामूहिक प्रयासों को आवश्यक बताते हुए स्वच्छता गतिविधियों में निरंतर जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। नगरपालिका अध्यक्ष  गिरजा चंद्राकर ने नगरपालिका द्वारा प्लास्टिक रोकथाम एवं स्वच्छता के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की। जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी ने घरों से निकलने वाले कचरे का पृथक्करण कर चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग एकत्र करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने में ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। स्वच्छता को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने से ही इसके स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान की अवधि तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगरपालिका के कमांडो दल, स्वच्छता दीदियों, स्वच्छाग्राही समूहों एवं ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। अमलीडीह, अतरिया, आवेली, मुड़ीपार, टेकापार, सोनपुरी, भोथीली, गोपालपुर, झूरानदी, कामठा, मदनपुर, रुसे एवं चारभंठा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों को उनके स्वच्छता कार्यों के लिए सम्मान मिला। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति  दिनेश वर्मा, समाज सेवी  विकेश गुप्ता, घम्मन साहू, नीलिमा गोस्वामी,  शैलेन्द्र मिश्रा, रूपेंद्र रजक,  शैलेन्द्र त्रिपाठी एवं  नीलम राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छाग्राही एवं स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को एक दिवसीय गतिविधि के बजाय निरंतर जन-अभ्यास के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button