
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम बेंदरी में सोलर आधारित पेयजल व्यवस्था से 41 परिवारों को मिली सुविधा
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 30 सितंबर 2026 // सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम बेंदरी, ग्राम पंचायत भुरभुसी, विकासखंड छुईखदान में जल जीवन मिशन के माध्यम से सौर ऊर्जा आधारित पेयजल व्यवस्था ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। सोलर पंप से संचालित इस जल आपूर्ति व्यवस्था के माध्यम से गांव के 41 परिवारों के 185 ग्रामीणों को घर के समीप नियमित पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
ग्राम बेंदरी में सौर ऊर्जा से संचालित पंप द्वारा भूमिगत जल को ऊंची जल टंकी में संग्रहित किया जाता है। इसके बाद पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पानी पहुंचाया जाता है। घर के पास नल से पानी मिलने के कारण ग्रामीणों को दूरस्थ जलस्रोतों से पानी लाने की आवश्यकता कम हुई है और दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ी है।
महिलाओं और बच्चों के समय एवं श्रम की बचत
पेयजल सुविधा घर के समीप उपलब्ध होने से महिलाओं और बच्चों को विशेष राहत मिली है। पानी लाने में लगने वाले समय और श्रम की बचत होने से अब उस समय का उपयोग घरेलू कार्यों, बच्चों की देखभाल, शिक्षा और आजीविका से जुड़े कार्यों में किया जा सकता है।
सौर ऊर्जा से सुगम और पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था
सौर ऊर्जा आधारित पंप के उपयोग से पेयजल आपूर्ति को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ा गया है। इससे बिजली पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है और ग्रामीण क्षेत्र में पर्यावरण-अनुकूल जल आपूर्ति व्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीणों द्वारा जल संरचनाओं के संरक्षण, पानी के सदुपयोग और स्वच्छता के प्रति भी जागरूकता दिखाई जा रही है।
हर घर जल से बढ़ी सुविधा
ग्राम बेंदरी में जल जीवन मिशन की यह व्यवस्था ‘हर घर जल’ के उद्देश्य को धरातल पर साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ी है और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिला है।



