उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिक एवं संस्थाओं को मिलेगा 2 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // छत्तीसगढ़ शासन, श्रम विभाग द्वारा श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार प्रदान किया जाता है। पुरस्कार के तहत चयनित श्रमिक अथवा संस्था को 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 की अवधि में श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिक अथवा संस्था का उनके उल्लेखनीय योगदान के आधार पर चयन किया जाएगा। ऐसे श्रमिक एवं संस्थाएं पात्र होंगी, जिन्होंने श्रमिकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए प्रभावी उपाय किए हों, जिसके परिणामस्वरूप आलोच्य अवधि में कोई गंभीर दुर्घटना न हुई हो। साथ ही सुरक्षा नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा श्रम क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को भी चयन का आधार बनाया जाएगा।
इच्छुक संबंधित श्रमिक एवं संस्थाएं 5 अक्टूबर 2026 तक श्रम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
श्रम यशस्वी पुरस्कार से संबंधित नियम, पात्रता, चयन प्रक्रिया एवं आवेदन प्रपत्र श्रम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इच्छुक आवेदक shramevjayate.cg.gov.in/alankran.aspx लिंक के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।



