KCGखास खबरछत्तीसगढ़

जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव के लिए युवाओं को किया जागरूक

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : साइबर जागृति अभियान के पांचवें सप्ताह के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान जॉब फ्रॉड एवं फिशिंग से बचाव को लेकर विशेष रूप से जानकारी दी गई।


पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने युवाओं से संवाद कर बताया कि साइबर ठग आकर्षक वेतन, घर बैठे नौकरी, ऑनलाइन इंटरव्यू और नियुक्ति के नाम पर युवाओं को अपने जाल में फंसाते हैं। फर्जी जॉब वेबसाइट, ई-मेल, एसएमएस, वाट्सऐप संदेश और संदिग्ध लिंक के जरिए ठगी किए जाने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई।

युवाओं को समझाया गया कि किसी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। OTP, PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें। नौकरी का प्रस्ताव मिलने पर जल्दबाजी में भरोसा करने या किसी प्रकार का भुगतान करने के बजाय संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट और विश्वसनीय माध्यमों से जानकारी का सत्यापन करें।

ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा cybercrime.gov.in के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस का साइबर जागृति अभियान सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार जारी है।
पुलिस की अपील: नौकरी का लालच हो या संदिग्ध लिंक, पहले जांचें, फिर भरोसा करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button