जंगलपुरघाट एवं सिंगारपुर में आवास हितग्राहियों से चर्चा, बालिका शौचालय निर्माण का किया निरीक्षण
राज नेशनल न्यूज़ छुईखदान : जनपद पंचायत छुईखदान की मुख्य कार्यपालन अधिकारी केश्वरी देवांगन ने ग्राम पंचायत जंगलपुरघाट एवं सिंगारपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों से चर्चा कर अपूर्ण एवं लंबे समय से अप्रारंभ आवासों की स्थिति तथा निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
सीईओ ने संबंधित हितग्राहियों को आवास निर्माण में तेजी लाने तथा लंबे समय से अप्रारंभ आवासों का कार्य तत्काल शुरू कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत स्तर पर लंबित आवासों की नियमित निगरानी एवं आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
दोनों ग्राम पंचायतों में बालिका शौचालय निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। सीईओ ने निर्माण की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए सरपंच एवं सचिव को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत उदयपुर एवं आमाघाटकादा में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोपाल गिरी एवं जनपद पंचायत की टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से चर्चा की। टीम ने अपूर्ण आवासों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सीईओ ने कहा कि मैदानी निरीक्षण का उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के साथ-साथ हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर लंबित कार्यों को गति देना है। उन्होंने संबंधित अमले को आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लंबित एवं अप्रारंभ आवासों को गति देने के साथ-साथ बालिका शौचालय निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।



