घर-घर पहुंचकर जनभागीदारी की अपील करेंगे सरपंच, पंच, सचिव, रोजगार सहायक, VLE और महिला स्व-सहायता समूह
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे हर घर में दीप प्रज्वलित किया जाएगा। इसके लिए ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा।
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरपंच, पंच, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, VLE, स्थानीय निर्वाचित जनप्रतिनिधि और महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। संबंधित प्रतिनिधि घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे दीप जलाने की अपील करेंगे।
तीन पालियों में होगी बैठक
अभियान की कार्ययोजना और जनभागीदारी को लेकर जिला स्तर पर तीन पालियों में बैठक आयोजित की जाएगी। पहली पाली में सरपंच एवं ग्राम पंचायत सचिव, दूसरी पाली में रोजगार सहायक और तीसरी पाली में महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के साथ बैठक होगी।
बैठकों में अभियान के उद्देश्य, जनसंपर्क की कार्ययोजना और ग्राम स्तर पर प्रचार-प्रसार को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल बैठकों में मार्गदर्शन करेंगे। अधिक से अधिक परिवारों को अभियान से जोड़ने और घर-घर संपर्क करने पर जोर रहेगा।
सेवा और जनभागीदारी का प्रतीक बनेगा दीप
सेवा संकल्प अभियान के तहत घर-घर जलने वाला दीप सेवा, सहयोग, समर्पण और जनभागीदारी का प्रतीक होगा। जिला पंचायत ने जिलेवासियों से 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
एक दीप सेवा के नाम, एक दीप जनभागीदारी के नाम—17 सितंबर को शाम 7 बजे हर घर में दीप जलाकर सेवा का संकल्प दोहराएं।



