
पीएम आवास से रमाबाई और सुदामा का पक्का घर बनाने का सपना हुआ पूरा
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 11 सितंबर 2026// ग्राम सलोनी में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही रमाबाई और सुदामा के नवनिर्मित आवासों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों हितग्राहियों को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने हितग्राहियों को नए आवास के लिए उपहार भी भेंट किए। पक्का मकान मिलने से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल रहा।
रमाबाई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनका पक्का मकान बनाने का सपना पूरा हुआ है। आवास निर्माण में शासन से मिली सहायता के साथ उन्होंने स्वयं भी करीब 3 लाख रुपये की राशि लगाई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के घर का सपना साकार करने में मदद मिली है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने हितग्राहियों से बातचीत कर शासन की अन्य योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि और उसके उपयोग के बारे में भी जानकारी ली। रमाबाई ने बताया कि इस राशि का उपयोग किराना सामग्री और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में किया जाता है। मंत्री ने हितग्राहियों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर परिवार की बेहतर देखभाल करने की बात कही।
नवनिर्मित आवासों के उद्घाटन के अवसर पर मंत्री ने हितग्राहियों के साथ आत्मीयता से बातचीत की और नए घर में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योजना है। नए आवास मिलने से परिवारों को बेहतर जीवन-यापन के लिए स्थायी आधार मिलता है।



