
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान का आज गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों एवं अर्धनगरीय क्षेत्रों में आयोजित ‘साइबर चौपाल’ कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। जिले के 30 से अधिक ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में पुलिस टीमों ने पहुंचकर ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
मुख्य बिंदु:
- विभिन्न ठगी के तौर-तरीकों की जानकारी: साइबर चौपाल के दौरान नागरिकों को OTP फ्रॉड, जॉब फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, APK फाइल एवं संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी के बारे में बताया गया।
- सुरक्षात्मक सलाह: नागरिकों को OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी तथा निजी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की समझाइश दी गई।
- संदिग्ध फाइलों से बचाव: मोबाइल और कंप्यूटर में किसी भी संदिग्ध लिंक या अज्ञात APK फाइल को डाउनलोड न करने का संदेश दिया गया।
इस अभियान के दौरान आयोजित ग्राम सभाओं में 3,000 से अधिक नागरिकों ने सहभागिता कर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति सतर्क करें।
केसीजी पुलिस का संदेश: “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें; साइबर अपराध से बचाव ही सबसे प्रभावी सुरक्षा है।”



