KCGखास खबरछत्तीसगढ़

साइबर जागृति अभियान में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश

करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं व नागरिकों ने लिया सहभागिता, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया जागरूक

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 11 सितंबर 2026 : साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कैंपस-2 स्थित आईकेएसवी ऑडिटोरियम में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं, नागरिकों एवं गणमान्यजनों ने सहभागिता की।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े थीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव (भा.पु.से.) ने की।
मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में साइबर अपराधों से बचाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और अपने आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आईजी अजय कुमार यादव ने कहा कि समय के साथ अपराधों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक अपराधों के साथ अब साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे अपराधों से बचने के लिए साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति को ध्यान में रखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

अनजान लिंक और संदिग्ध कॉल से सावधान रहने की अपील
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल और मैसेज से सावधान रहने की जानकारी दी गई। साथ ही OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े एवं आईजी अजय कुमार यादव ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों से भी सेल्फी के माध्यम से साइबर अवेयरनेस का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. लवली शर्मा, कुलपति राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय,  प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई,  विक्रांत सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष,  संजय यादव, वनमंडलाधिकारी, एसडीएम खैरागढ़,  प्रेम कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ,  गिरजा चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष खैरागढ़,  राजश्री त्रिपाठी, जनपद पंचायत खैरागढ़,  घम्मन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान लिंक, कॉल एवं मैसेज से सावधान रहें तथा OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें।
जागरूक बनें • सुरक्षित रहें • साइबर अपराध से बचें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button