KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सेवा की कहानी: ग्राम लिमो के हर घर पहुंचा नल से जल

जल जीवन मिशन से 229 परिवारों को मिली घर बैठे स्वच्छ पेयजल की सुविधा, बच रहा समय और श्रम

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 7 अक्टूबर 2026 // सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड छुईखदान के ग्राम लिमो में जल जीवन मिशन के माध्यम से 229 परिवारों के घरों तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। गांव में 60 किलोलीटर क्षमता के जलागार का निर्माण और पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार से घर-घर जलापूर्ति की सुविधा विकसित हुई है। अब ग्रामीण परिवारों को पेयजल के लिए दूर जाने की जरूरत कम हुई है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों का समय एवं श्रम बच रहा है।

ग्राम लिमो की करीब 1016 की आबादी को ध्यान में रखते हुए जलागार के माध्यम से पानी के सुरक्षित भंडारण और आवश्यकता के अनुसार आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। पाइपलाइन के विस्तार से गांव के विभिन्न मोहल्लों और घरों तक पानी पहुंच रहा है। घर में नल से पानी उपलब्ध होने से दैनिक घरेलू कार्यों के साथ स्वच्छता संबंधी गतिविधियां भी सहज हुई हैं।

गांव की हितग्राही  निरभा बाई ध्रुवे कहती हैं, “घर भीतरी नल ले पानी आए ले अब्बड़ खुशी होईस, आऊ जम्मो बुता ह बेरा म हो जत्थे।” अर्थात घर के भीतर नल से पानी आने से बहुत खुशी हुई है और अब घर के सभी काम समय पर हो जाते हैं। उनके लिए घर तक पहुंचा नल का पानी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने वाली महत्वपूर्ण सुविधा बन गया है।

ग्राम लिमो में जल जीवन मिशन के तहत विकसित यह व्यवस्था ग्रामीण परिवारों को सुविधा देने के साथ स्वच्छता और बेहतर जीवनशैली को भी बढ़ावा दे रही है। जल के विवेकपूर्ण उपयोग और अनावश्यक जल अपव्यय रोकने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। ग्राम लिमो में हर घर नल से जल की सुविधा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसुविधाओं को ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक उदाहरण बन रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button