
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : नाबालिगों एवं युवाओं को हिंसा, अपराध तथा हथियारों की प्रवृत्ति से दूर रखने के उद्देश्य से खैरागढ़ पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, चौक-चौराहों, स्कूल-कॉलेज सहित युवाओं की अधिक आवाजाही वाले प्रमुख क्षेत्रों में जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं।
पोस्टरों एवं पुलिस की समझाइश के माध्यम से युवाओं से चाकू, धारदार हथियार अथवा अन्य हथियार रखने और हिंसा में शामिल होने से दूर रहने की अपील की जा रही है। पुलिस ने कहा कि क्षणिक आवेश, आपसी विवाद अथवा दिखावे के लिए हथियार रखना युवाओं के भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।
पुलिस द्वारा विवाद की स्थिति में हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय संयम बरतने तथा आवश्यकता पड़ने पर परिजनों, शिक्षकों या पुलिस की सहायता लेने की समझाइश दी जा रही है। साथ ही अभिभावकों एवं शिक्षकों से बच्चों की संगति, गतिविधियों एवं व्यवहार पर नजर रखने तथा उन्हें शिक्षा, खेल, हुनर और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आग्रह किया गया है।
हथियार स्वेच्छा से जमा करने की अपील
खैरागढ़ पुलिस ने नागरिकों एवं युवाओं से अपील की है कि यदि किसी के पास अवैध हथियार है तो उसे अपने परिचित, अभिभावक अथवा पुलिस की सहायता से जमा कर दें। पुलिस के अनुसार हथियार जमा करने की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियार रखना, उनका प्रदर्शन करना अथवा हिंसा फैलाना स्वीकार्य नहीं होगा। ऐसे मामलों में कानून के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खैरागढ़ पुलिस ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा— “हथियार नहीं, हुनर अपनाएं। हिंसा नहीं, शिक्षा और संस्कार चुनें। आज सही रास्ता चुनें, कल भविष्य संवारें।”
पुलिस ने कहा कि सुरक्षित युवा ही सुरक्षित समाज और उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।



