
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिले में चल रहे पॉलीगॉन सर्वे कार्य की प्रगति और गुणवत्ता जांचने के लिए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने खैरागढ़ और छुईखदान तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खैरागढ़ तहसील के ग्राम केराबोरी और छुईखदान तहसील के ग्राम गोपालपुर पहुंचकर पीवी ऐप के माध्यम से किए जा रहे सर्वे कार्य का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों और मैदानी अमले को सर्वे में सटीकता, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
भूमि और खसरा संबंधी जानकारी का सावधानीपूर्वक करें मिलान
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंद्रवाल ने पॉलीगॉन सर्वे की प्रक्रिया और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान भूमि और खसरा संबंधी विवरणों का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए। पीवी ऐप में दर्ज होने वाली जानकारी की शुद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी तरह की त्रुटि या विसंगति की गुंजाइश न रहे।
उन्होंने मैदानी अमले को प्रत्येक कार्य जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
डिजिटल होंगे भूमि की सीमाओं से जुड़े रिकॉर्ड
कलेक्टर ने कहा कि पॉलीगॉन सर्वे राजस्व अभिलेखों और भूमि संबंधी जानकारी को व्यवस्थित एवं सटीक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। इससे भूमि की वास्तविक स्थिति और सीमाओं से जुड़ी जानकारी को डिजिटल स्वरूप में व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को सर्वे के दौरान तकनीकी प्रक्रियाओं और निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में भूमि संबंधी अभिलेखों के उपयोग में किसी तरह की परेशानी न हो।
तकनीकी समस्या आने पर तत्काल करें निराकरण
कलेक्टर ने दोनों तहसीलों में सर्वे कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पीवी ऐप के माध्यम से पॉलीगॉन तैयार करते समय संबंधित खसरों और भूमि की सीमाओं का सही मिलान किया जाए।
सर्वे के दौरान तकनीकी समस्या या किसी तरह की विसंगति सामने आने पर उसका समय रहते निराकरण किया जाए। राजस्व अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को सर्वे कार्य की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सर्वे कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक स्तर पर दर्ज जानकारी की सटीकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए खैरागढ़ एवं छुईखदान तहसील में सर्वे कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।



