माताओं ने संतान की सुख-समृद्धि और दीर्घायु के लिए रखा व्रत, पूजा-अर्चना कर की मंगलकामना
राज नेशनल न्यूज़ गंडई-पंडरिया : संतान की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना के लिए मनाया जाने वाला पवित्र कमरछठ महापर्व गंडई-पंडरिया के वार्ड क्रमांक 5 -6 में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
कमरछठ पर्व को लेकर नगर वासियों में सुबह से ही उत्साह का वातावरण रहा। व्रती माताओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की तैयारी की। पूजा स्थल पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव-पार्वती तथा कमरछठ माता की पूजा-अर्चना कर कथा का श्रवण किया। इस दौरान पारंपरिक गीतों एवं भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
महिलाओं ने दिनभर व्रत रखकर संतान के लिए मंगलकामना की तथा पूजा-अर्चना के पश्चात विधि-विधान से व्रत का पारण किया। पर्व के दौरान बच्चों की सुख-समृद्धि और परिवार में सुख-शांति की कामना की गई।
कमरछठ महापर्व भारतीय लोकपरंपरा एवं मातृ शक्ति की आस्था का प्रतीक माना जाता है। इस पर्व के माध्यम से माताएं अपनी संतान के प्रति प्रेम, समर्पण और ममता को धार्मिक आस्था के साथ अभिव्यक्त करती हैं। शिव मंदिर में आयोजित पर्व ने आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का भी संदेश दिया।
इस अवसर पर वार्ड की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को कमरछठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।



