अगस्त माह में आबकारी एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई, निर्माण, बिक्री और परिवहन पर पुलिस की कड़ी नजर
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं संग्रहण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अगस्त माह में पुलिस ने आबकारी एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए 125 प्रकरण दर्ज कर कुल 309.37 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं संग्रहण की सूचना मिलने पर पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से शराब बरामद की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। आबकारी एक्ट के तहत पकड़े गए मामलों में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निगरानी और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की है।



