
‘सेवा मेरा योगदान एवं स्वच्छता ही सेवा’ के तहत खैरागढ़, छुईखदान और गंडई में हुईं गतिविधियां
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 23 सितंबर : सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान एवं स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधि के तहत जिले में नदी, तालाब, कुंड एवं अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खैरागढ़ के आमनेर नदी तट, छुईखदान के बंधाना तालाब तथा गंडई के तालाब एवं घाट सहित विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों ने श्रमदान किया।
खैरागढ़ के आमनेर नदी तट, शनि मंदिर के पास आयोजित गतिविधि में सीईओ जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, वन विभाग के अधिकारी, नगरपालिका अध्यक्ष खैरागढ़ गिरजा चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने सहभागिता निभाई। सभी ने नदी तट एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता कार्य करते हुए कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट को हटाया। इस दौरान जलस्रोतों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
सीईओ जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि नदी, तालाब और अन्य जलस्रोत पर्यावरण एवं जनजीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनकी स्वच्छता के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से लोगों को अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों की स्वच्छता में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
नगरपालिका अध्यक्ष खैरागढ़ गिरजा चंद्राकर ने कहा कि जलस्रोतों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से नदी और तालाबों में कचरा एवं प्लास्टिक न डालने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की।
छुईखदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत बंधाना तालाब में जलकुंभी हटाने का कार्य किया गया। नगर पंचायत की टीम द्वारा तालाब क्षेत्र में आवश्यक सफाई गतिविधियां संचालित की गईं। जलकुंभी और अन्य अवांछित सामग्री को हटाकर जलाशय के आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया। वहीं जनपद पंचायत छुईखदान क्षेत्र में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नदी, तालाब और कुंडों में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। स्थानीय स्तर पर इन कार्यों में अधिकारी-कर्मचारियों के साथ नागरिकों ने भी सहभागिता की।
नगर पंचायत गंडई द्वारा नगर के तालाब एवं घाट में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अविनाश देवांगन, उप अभियंता विक्रम कपूर, सफाई प्रभारी हुलास साहू, वार्ड पार्षदगण, स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों ने श्रमदान किया। इस दौरान तालाब के किनारे जमा कचरा, पॉलिथीन, प्लास्टिक एवं जलीय खरपतवार को हटाया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेकर नागरिकों को भी जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो ने कहा कि स्वच्छ जलाशय स्वस्थ और सुंदर नगर का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने नागरिकों से तालाबों एवं सार्वजनिक स्थलों में कचरा नहीं डालने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की। मुख्य नगर पालिका अधिकारी देवांगन ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध रूप से गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जलस्रोतों के आसपास स्वच्छता के साथ-साथ लोगों को कचरे के उचित निपटान, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ संचालित गतिविधियों में प्रशासनिक अमले के साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी को प्रमुखता दी जा रही है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जा रहा है। नदी, तालाब, कुंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता में नागरिकों की सहभागिता से स्थानीय स्तर पर स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में गतिविधियां लगातार जारी हैं।


