KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सेवा की कहानी: लमती फीडर जलाशय योजना से किसानों के खेतों तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसी दिशा में खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम लछनाटोला के समीप आमनेर नदी पर प्रस्तावित लमती फीडर जलाशय लघु सिंचाई योजना क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों की समृद्धि की नई संभावनाएं लेकर आ रही है। योजना के पूर्ण होने पर 41 गांवों के 1,840 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को खरीफ सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे किसानों को खेती के लिए पानी की बेहतर उपलब्धता मिलेगी और कृषि उत्पादन बढ़ाने के अवसर विकसित होंगे।

सिंचाई सुविधा से खेती को मिलेगा संबल

कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और फसलों के बेहतर उत्पादन के लिए पानी की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। लमती फीडर जलाशय योजना के अंतर्गत 21 किलोमीटर लंबी मुख्य फीडर नहर और आठ माइनर नहरों का निर्माण प्रस्तावित है। कुल 41.88 किलोमीटर लंबी नहर प्रणाली के माध्यम से खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की योजना है। इससे क्षेत्र में खरीफ फसलों की सिंचाई को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही खरीफ फसल के बाद खेतों में उपलब्ध नमी का उपयोग कर लगभग 500 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं, चना सहित अन्य रबी फसलों के उत्पादन की संभावना है।

मत्स्य पालन से रोजगार के नए अवसर

जलाशय का लाभ कृषि के साथ-साथ मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी मिलने की उम्मीद है। योजना के अनुसार, जलाशय से प्रतिवर्ष लगभग 273.50 क्विंटल मत्स्य उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जिससे करीब 150 हितग्राहियों के लिए रोजगार के अवसर विकसित हो सकते हैं। इस प्रकार जल संसाधनों का उपयोग खेती के साथ आजीविका के अन्य साधनों को प्रोत्साहित करने में भी सहायक होगा।

भू-जल संवर्धन और जल संसाधनों का संरक्षण

लमती फीडर जलाशय योजना से भू-जल संवर्धन और भू-जल स्तर में वृद्धि को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। इससे कृषि, पेयजल और निस्तारी के लिए जल उपलब्धता बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। योजना के तहत खैरागढ़ विकासखंड में निर्मित एक मध्यम और 12 लघु जलाशयों में पानी की पूर्ति का भी प्रावधान है। इससे उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में सहायता मिलेगी।

242.77 करोड़ रुपये की योजना का निर्माण कार्य जारी

छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग द्वारा लमती फीडर जलाशय लघु सिंचाई योजना के लिए 242.77 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के अंतर्गत मुख्य नहर के विभिन्न हिस्सों और लमती पिकअप वियर का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। उपलब्ध विभागीय जानकारी के अनुसार, मुख्य नहर के अलग-अलग हिस्सों में निर्माण कार्य लगभग 35 से 85 प्रतिशत तक तथा पिकअप वियर का कार्य लगभग 55 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जलाशय के शीर्ष कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास कार्यों के माध्यम से जनकल्याण और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार की भावना को आगे बढ़ाते हुए लमती फीडर जलाशय योजना क्षेत्र के किसानों के लिए बेहतर सिंचाई, अतिरिक्त फसल उत्पादन और रोजगार के नए अवसरों की संभावनाएं प्रस्तुत करती है। योजना पूर्ण होने के बाद इससे मिलने वाले लाभ कृषि आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button