KCGखास खबरछत्तीसगढ़

साल्हेवारा में ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ नाटक का मंचन, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिले के विकासखंड छुईखदान अंतर्गत ग्राम पंचायत सल्हेवारा के बाजार स्थल में ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत जनजागरूकता नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहितकारी पहलों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना रहा। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीणों को सरल, रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से शासन की योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया गया।

​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सदस्य एवं सभापति मन्नू मरकाम उपस्थित रहे। इस अवसर पर ललित सोनी, ग्राम पंचायत सल्हेवारा के सरपंच दशरथ पटेल, ग्राम पंचायत सरईपतेरा के सरपंच बनस साहू एवं उपसरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नाटक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार

​‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से केंद्र एवं छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्यों, लाभों एवं आमजन के जीवन में आने वाले सकारात्मक बदलावों को प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, महतारी वंदन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

​नाटक के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के जीवन में शासन की योजनाओं से आने वाले बदलाव, महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्वच्छता का महत्व, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता तथा ग्रामीण विकास में जनभागीदारी जैसे विषयों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। कलाकारों ने संवाद एवं अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि शासन की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक परिवार इनका लाभ प्राप्त कर सकें।

महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

​कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता, स्वच्छ वातावरण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्रता के अनुसार संबंधित विभागों से संपर्क कर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत साल्हेवारा के सचिव कृष्णा सोनी, ग्राम पंचायत भाजीडोंगरी के सचिव रामलाल साहू, ग्राम पंचायत खादी के सचिव सुरेश झरिया, ग्राम पंचायत सामनापुर के सचिव रामकुमार कलिहारे, साल्हेवारा के रोजगार सहायक राकेश धुर्वे, जनपद पंचायत के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से नरेश कोमरे तथा स्वच्छ भारत मिशन शाखा से जितेंद्र तांडेकर सहित पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

​कार्यक्रम के माध्यम से शासन की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। नाट्य प्रस्तुति ने मनोरंजन के साथ जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बनकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button