KCGखास खबरछत्तीसगढ़

साइबर अपराध के विरुद्ध KCG में 15 अगस्त से शुरू हुआ “साइबर जागृति अभियान”

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 15 अगस्त 2026 : 

साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला KCG में मुख्य अतिथि एवं सांसद  संतोष पांडेय ने जिलेवासियों को अभियान के उद्देश्यों, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा आगामी सात सप्ताह में आयोजित होने वाले जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश की आजादी के लिए देशवासियों ने एकजुट होकर संघर्ष किया, उसी प्रकार साइबर अपराध के विरुद्ध भी समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
“साइबर जागृति की एक सेल्फी” बनी अभियान की मुख्य थीम
अभियान की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” है। इसके तहत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर उपलब्ध लिंक अथवा QR कोड के माध्यम से जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट एवं शेयर करेंगे। इससे साइबर अपराध से बचाव का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
सांसद श्री पांडेय ने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स, कलाकारों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
सात सप्ताह में होंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम
केसीजी पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह में अलग-अलग वर्गों को केंद्रित कर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रथम सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता, ऑनलाइन सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी दी जाएगी।
द्वितीय सप्ताह: बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के सहयोग से वित्तीय धोखाधड़ी, UPI फ्रॉड एवं सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
तृतीय सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
चतुर्थ सप्ताह: महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउजिंग एवं डिजिटल सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी।
पंचम सप्ताह: युवाओं को जॉब फ्रॉड, फिशिंग एवं ऑनलाइन रोजगार के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के लिए रोजगार कार्यालय, ITI एवं कौशल विकास केंद्रों में जागरूक किया जाएगा।
षष्ठम सप्ताह: डेटा प्राइवेसी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को लेकर अभियान चलाया जाएगा।
सप्तम सप्ताह: गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा केसीजी पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स एवं विभिन्न व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से साइबर जागरूकता संबंधी संदेश और अभियान की लिंक साझा की जाएगी।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें
सांसद  संतोष पांडेय ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” का समापन 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के अवसर पर होगा। इस दौरान साइबर अपराध से मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
“जागरूक बनें, सुरक्षित रहें—साइबर अपराध के विरुद्ध एकजुट हों।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button