
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़:
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों की उपज उपार्जन केंद्रों तक पहुंचने लगी है। खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले के ग्राम कटंगीकला निवासी किसान चरण पटेल, पिता नारायण पटेल ने 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 55 क्विंटल 20 किलो धान का विक्रय किया। इस वर्ष धान का यह आकर्षक मूल्य तय होने और खरीदी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्था मिलने से किसानों में खुशी का माहौल है।
‘किसान-तुंहर टोकन’ ऐप से आसान हुई प्रक्रिया
धान विक्रय की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने में ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप ने बड़ी भूमिका निभाई है। इस ऐप के जरिए किसानों को घर बैठे ही टोकन मिल जाता है, जिससे उन्हें बार-बार समिति के चक्कर नहीं काटने पड़ते। टोकन और विक्रय की तिथि पहले से तय होने पर किसानों को धान की भराई और परिवहन की तैयारी करने में आसानी होती है, जिससे समय की भी बचत होती है।
उपार्जन केंद्रों पर सुचारु और व्यवस्थित प्रबंध
जिले में इस वर्ष कुल 72 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जा रही है, जिनमें 21 नए केंद्र भी शामिल हैं। केंद्रों की संख्या बढ़ने से आसपास के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है। खरीदी केंद्रों पर गुणवत्ता की जांच, तौल और दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाया जा रहा है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।



