KCGखास खबरछत्तीसगढ़

श्रवण यंत्र पाकर खिले चेहरे, राहुद के शेरसिंग और दीपेश को मिली नई उम्मीद

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ : समाज कल्याण विभाग की संवेदनशील पहल से ग्राम राहुद के दो श्रवण बाधित व्यक्तियों को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद का संचार हुआ है। सहायक संचालक समाज कल्याण विभाग श्री कमलेश कुमार पटेल द्वारा दोनों हितग्राहियों को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम राहुद निवासी 52 वर्षीय शेरसिंग वर्मा पिता  लखन वर्मा लंबे समय से कम सुनाई देने की समस्या से जूझ रहे थे। वहीं 13 वर्षीय दीपेश वर्मा पिता  चुम्मन लाल वर्मा को भी श्रवण संबंधी परेशानी के कारण पढ़ाई-लिखाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए दोनों आवश्यक दस्तावेजों के साथ समाज कल्याण विभाग पहुंचे।

दोनों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सहायक संचालक श्री कमलेश कुमार पटेल ने त्वरित कार्रवाई कर उन्हें तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया। श्रवण यंत्र लगाने के बाद दोनों को सुनने में काफी सुविधा मिलने लगी, जिससे उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।

कक्षा 8वीं में अध्ययनरत दीपेश वर्मा ने बताया कि कम सुनाई देने के कारण उसे कक्षा में पढ़ाई समझने में परेशानी होती थी, लेकिन अब श्रवण यंत्र मिलने के बाद वह सामान्य रूप से सुन पा रहा है और पढ़ाई में बेहतर ढंग से ध्यान दे सकेगा। समाज कल्याण विभाग की इस पहल से दोनों हितग्राहियों और उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विभाग के प्रति आभार जताया।

Related Articles

Back to top button