राज नेशनल न्यूज़ साल्हेवारा : राष्ट्रीय एकता दिवस एवं छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय साल्हेवारा में मेरा युवा भारत, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी शुभजित डे के मार्गदर्शन तथा नेशनल यूथ वॉलंटियर शिवकुमार गात्रेकर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन एवं योगदान पर भाषण प्रतियोगिता तथा राष्ट्रीय एकता रैली का आयोजन किया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, देशप्रेम और सरदार पटेल के विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य नीतू डोगरे, सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता मनोज साहू, डॉ. अखिलेश यादव, राजेंद्र रावत, प्रवीण साहू, भूपेंद्र वर्मा, नंदकिशोर यादव, मानसी वर्मा एवं मिथलेश पटेल सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके योगदान और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।



