
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान संचालित किया गया।
अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) एवं ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी (RHO) द्वारा विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं ग्रामीणजनों को हेपेटाइटिस ए, बी, सी एवं ई के कारण, संक्रमण के तरीके, लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार तथा हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षित इंजेक्शन, सुरक्षित रक्त, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा संक्रमण से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।
इसी अवसर पर स्टॉप डायरिया अभियान के अंतर्गत विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में डायरिया से बचाव संबंधी जागरूकता गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों, अभिभावकों एवं समुदाय को साबुन से हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग, भोजन की स्वच्छता, शौचालय के नियमित उपयोग तथा डायरिया होने पर ओआरएस एवं जिंक के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही दस्त होने पर बच्चों को पर्याप्त तरल पदार्थ पिलाने तथा बिना विलंब निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराने की सलाह दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि विश्व हेपेटाइटिस दिवस एवं स्टॉप डायरिया अभियान के माध्यम से जिलेभर में लोगों को संक्रमणजनित रोगों की रोकथाम, स्वच्छता, सुरक्षित व्यवहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर उपचार से हेपेटाइटिस एवं डायरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि हेपेटाइटिस एवं डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाएं, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें, समय पर टीकाकरण कराएं तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी जानकारी, परामर्श अथवा उपचार के लिए अपनी निकटतम मितानिन, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।



