KCGखास खबरछत्तीसगढ़

बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के चिकित्सा कार्य करने के मामले में तथाकथित क्लीनिक सीलबंद

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 08 सितम्बर 2026// कलेक्टर सह पर्यवेक्षी प्राधिकारी (नर्सिंग होम एक्ट), जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग ने डोकराभाठा, विकासखण्ड खैरागढ़ में करण वर्मा द्वारा संचालित तथाकथित क्लीनिक को 08 सितम्बर को सीलबंद करने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायत पर की गई जांच एवं जांच प्रतिवेदन के आधार पर सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार की गई।

ग्राम एटीकसा निवासी प्रेम लाल वर्मा ने शिकायत में बताया था कि उनके 52 वर्षीय परिजन ललित वर्मा, जो मधुमेह से पीड़ित हैं, को करण वर्मा द्वारा आवश्यक जांच किए बिना इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद उनके दाहिने पैर में संक्रमण की शिकायत हुई। जांच दल की रिपोर्ट में बिना शुगर जांच के उपचार किए जाने तथा निर्धारित चिकित्सकीय योग्यता से संबंधित प्रथमदृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने का उल्लेख किया गया और नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की गई।

कलेक्टर के निर्देश के परिपालन में स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित अधिकारियों ने उक्त परिसर को सीलबंद कर दिया है। प्रकरण में लागू नियमों एवं राज्य शासन के निर्देशों के अनुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उपचार के लिए केवल मान्यता प्राप्त एवं वैध चिकित्सकीय योग्यता रखने वाले चिकित्सकों तथा पंजीकृत स्वास्थ्य संस्थानों की सेवाएं लें और बिना आवश्यक योग्यता के चिकित्सा कार्य करने वाले व्यक्तियों की जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग अथवा प्रशासन को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button