KCGखास खबरछत्तीसगढ़

पॉलीटेक्निक के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।


इसी क्रम में जिला प्रशासन के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा खैरागढ़ स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशापान से होने वाले दुष्प्रभावों और इससे होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री कमलेश कुमार पटेल ने विद्यार्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए योजनाओं के उद्देश्यों और पात्रता संबंधी जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्ति का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण किया। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग से विनोद वर्मा, अनिल साहू, नवीन ठाकुर, पॉलीटेक्निक के प्राचार्य श्री वराठे सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button