
चोरी का मोबाइल और 3,500 रुपए नगद बरामद, न्यायिक रिमांड पर भेजा
राज नेशनल न्यूज़ गंडई। नर्मदा मेले में जूता-चप्पल की दुकान से चोरी के मामले में गंडई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 3,500 रुपए नगद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 2 फरवरी 2026 को प्रार्थी दुर्गेश मालेकर ने थाना गंडई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नर्मदा मेला स्थित उसकी जूता-चप्पल की दुकान से अज्ञात व्यक्ति लाल रंग का थैला चोरी कर ले गया। थैले में 10,500 रुपए नगद और करीब 11,000 रुपए कीमत का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन रखा था। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल के सिम नंबर एवं आईएमईआई नंबर को साइबर सेल भेजकर तकनीकी जानकारी जुटाई। साइबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान प्रशांत उर्फ सूरज निषाद (21 वर्ष), निवासी ग्राम नर्मदा, थाना गंडई के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी की लोकेशन हैदराबाद में मिली थी और लगातार निगरानी की जा रही थी।
23 सितंबर को आरोपी के अपने गांव आने की लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम ने गंडई बस स्टैंड में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की अधिकांश रकम खर्च कर दी थी। उसके कब्जे से चोरी गया मोबाइल फोन और शेष 3,500 रुपए बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 305(1), 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



