KCGखास खबरछत्तीसगढ़

त्योहारी सीजन से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच, 10 नमूने संकलित

किराना दुकानों और अनाज भंडारों का निरीक्षण कर खाद्य गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में मिलावटी एवं गुणवत्ताविहीन खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में विभिन्न किराना दुकानों का निरीक्षण किया गया। मेसर्स भारत किराना एवं जनरल स्टोर्स से पैक्ड हरा मटर का एक विधिक नमूना तथा पैक्ड नमकीन का एक सर्विलांस नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं यादव होटल का निरीक्षण कर प्रतिष्ठान में आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

24 सितंबर को दीपक अनाज भंडार का निरीक्षण किया गया। यहां से मैदा एवं टोस्ट के दो विधिक नमूने तथा मासिक सर्विलांस अभियान के तहत हल्दी एवं मिर्च पाउडर के दो खाद्य नमूने संकलित किए गए।

इसी तरह 29 सितंबर को खैरागढ़ के गोलबाजार क्षेत्र स्थित सांखला अनाज भंडार का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान से जैन चुस्की चाय एवं अरहर दाल के दो विधिक नमूने तथा एवरेस्ट शाही पनीर मसाला एवं ताज हल्दी पाउडर के दो सर्विलांस नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य परिसर में आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संकलित नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, नियम एवं विनियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी और जांच का सिलसिला जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button