KCGखास खबरछत्तीसगढ़

जिला स्तरीय शिक्षा समीक्षा कार्यशाला संपन्न

दसवीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में गुणात्मक सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना पर जोर : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 19 सितंबर 2026// कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में तथा नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी  उपेन्द्र कुमार देवांगन के नेतृत्व में जिला स्तरीय शिक्षा समीक्षा कार्यशाला का आयोजन प्रेम कुमार गिड़िया सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़ में किया गया। कार्यशाला में जिले के दोनों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कु. नीलम राजपूत एवं श्री प्रशांत चित्वरकर सहित सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य, विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) एवं संकुल समन्वयक (सीआरसी) उपस्थित रहे। कार्यशाला में जिले की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा तैयारियों, विद्यालयों की अधोसंरचना एवं विभिन्न विभागीय गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालयीन परिवेश की परंपरा के अनुरूप राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र एवं अमृत वचन के साथ विधिवत किया गया। कार्यशाला के दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं के परिणामों में गुणात्मक सुधार के लिए विशेष रूप से दसवीं बोर्ड परीक्षा पर केंद्रित होकर कार्य करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं शैक्षणिक अधिकारियों को विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित समीक्षा, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान तथा उनके लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग सुनिश्चित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

जिला शिक्षा अधिकारी  उपेन्द्र कुमार देवांगन ने कार्यशाला में परीक्षा की पूर्व तैयारियों, परीक्षा शुल्क जमा करने, स्काउट-क्रीड़ा एवं रेडक्रॉस अंशदान, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक एवं सरस्वती साइकिल वितरण की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही बालिका शौचालय विहीन शालाओं की स्थिति, विद्यालयों में दर्ज छात्र संख्या, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, वीएसके ऐप में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति तथा नवाचारी संस्थाओं से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली गई। उन्होंने विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों के क्रियान्वयन में विद्यालय स्तर पर नियमित निगरानी और बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

विद्यालयों को व्यवस्थित, आकर्षक, स्वच्छ और परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से 99 बिंदुओं का एक्शन प्लान भी कार्यशाला में रखा गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों को अपने-अपने विद्यालयों में इस कार्ययोजना के बिंदुओं के अनुरूप आवश्यक गतिविधियां संचालित करने तथा शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के लिए सीखने का सकारात्मक एवं अनुकूल वातावरण तैयार किया जाना चाहिए।

कार्यशाला में सहायक संचालक  मनोहर चंदेल ने सेवा संकल्प अभियान के संबंध में जानकारी दी। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 75वें वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे अभियान के अंतर्गत जिले के विद्यालयों में 19 सितंबर को प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।

जिला शिक्षा अधिकारी  उपेन्द्र कुमार देवांगन ने बताया कि त्रैमासिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अन्य विद्यालयों के शिक्षकों से कराया जाएगा, ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया में शैक्षणिक दृष्टि से बेहतर समन्वय सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के लगभग एक सप्ताह के भीतर, संभावित रूप से 5 से 10 अक्टूबर के मध्य त्रैमासिक परीक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विषयवार एवं विद्यालयवार परीक्षा परिणामों की समीक्षा कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और आवश्यक सुधारात्मक कार्यों पर गहन मंथन किया जाएगा।

कार्यशाला के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी  उपेन्द्र कुमार देवांगन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला में दिए गए निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर आयोजन संस्था के शाला विकास समिति के अध्यक्ष  मनोज गिड़िया द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी सहित उपस्थित प्राचार्यों, बीईओ, एबीईओ, बीआरसी एवं सीएसी को अपनी ओर से डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button