राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा कर शाखा प्रभारियों एवं अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वीबीजी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर संबंधित विभागों के समन्वय से योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योजना की नियमित मॉनिटरिंग कर ग्रामीणों तक समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
16वें वित्त आयोग की अनुदान राशि की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतों में पेयजल, स्वच्छता, मूलभूत अधोसंरचना तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने और उपलब्ध राशि का पारदर्शी एवं समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छ ग्राम अभियान और जनजागरूकता गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता कार्यों की नियमित निगरानी कर निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना एवं जनमन योजना के तहत स्वीकृत आवासों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, ग्रामवार प्रगति की समीक्षा करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा में स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक मजबूती पर विशेष बल दिया गया। ‘लखपति दीदी’ अभियान के तहत तैयार उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन को बेहतर बनाने तथा स्थानीय उत्पादों को जिला एवं राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जवाबदेही, समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।
बैठक में उपसंचालक पंचायत गीत कुमार सिन्हा, परियोजना अधिकारी प्रकाश चंद्र तारम, सहायक परियोजना अधिकारी प्रेम कुमार देवांगन, जिला अंकेक्षक मोहित राम ध्रुव, स्वच्छ भारत मिशन के डीपीएम सलीम खान, प्रधानमंत्री आवास योजना के डीपीएम साहू, एनआरएलएम के डीपीएम उमेश तिवारी, आरजीएसए के डीपीएम मनोज साहू सहित जिला पंचायत के शाखा प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



