
मास्टर ट्रेनर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजना की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की दी जानकारी
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में विकसित ग्राम पंचायत योजना (वीजीपीपी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर योजना के सुचारु संचालन, बेहतर कार्ययोजना तैयार करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी एवं तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता, जिले के दोनों विकासखंडों के कार्यक्रम अधिकारी, सहायक प्रोग्रामर एवं तकनीकी सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य वक्ता एवं मास्टर ट्रेनर प्रेमचंद देवांगन, सहायक कार्यक्रम अधिकारी, विकसित भारत ग्राम रोजगार गारंटी योजना ने विकसित ग्राम पंचायत योजना के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर योजना तैयार करने की प्रक्रिया, प्राथमिकताओं का निर्धारण, उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग, आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं तथा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कार्यों के चयन और क्रियान्वयन के संबंध में प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण में ग्राम पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं एवं उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा तैयार योजना को प्रभावी रूप से धरातल पर लागू करने से संबंधित विषयों पर भी जानकारी दी गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का उपयोग ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन में करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के उद्देश्यों को ग्राम स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा योजना से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा क्रियान्वयन के दौरान आने वाली व्यावहारिक प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।



