वोविनाम नेशनल चैंपियनशिप में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के खिलाड़ियों ने जीते 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : 15वीं वोविनाम मार्शल आर्ट्स नेशनल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 03 से 06 सितंबर तक जम्मू के भगवती नगर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। प्रतियोगिता में देश के 23 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 700 खिलाड़ियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 22 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 7 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन किया।
छुईखदान की गरिमा सिंह चौहान ने अंडर-10 वर्ष, 35 किलोग्राम से कम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। गरिमा इससे पहले गत वर्ष आयोजित 4वीं KUDO State Championship में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
इसी तरह बेनजीर ताज फातिमा और यशस्वी वर्मा ने अपने-अपने वर्ग में रजत पदक हासिल किए। शौर्य सिंह चौहान ने कांस्य पदक जीता। टीम मैनेजर मुकेश सिंह चौहान ने भी ओवर-17 वर्ष, 75 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन वोविनाम जम्मू-कश्मीर द्वारा वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया (VAI) के तत्वावधान में तथा जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि अमित गोयल, महासचिव, रघुनाथ बाजार एसोसिएशन, जम्मू तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. अमित वैद, चेयरमैन, वोविनाम जम्मू-कश्मीर उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
KCG जिले के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उनकी इस सफलता से जिले के युवा खिलाड़ियों को भी मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।



