लिमो और लालपुर में पुलिस ने की कार्रवाई, ताश की 52 पत्ती भी जब्त
राज नेशनल न्यूज़ गंडई : थाना क्षेत्र में अवैध रूप से जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से 6 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1370 रुपए नकद, ताश की 52 पत्ती और जुआ खेलने में इस्तेमाल की गई अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लिमो के दैहान के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सहदेव पटेल (42), दयाराम पटेल (36) और शैलेन्द्र पटेल (35), निवासी लालपुर को जुआ खेलते पकड़ा। इनके कब्जे से 730 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
इसी रात ग्राम लालपुर में भी पुलिस ने दूसरी कार्रवाई की। यहां साहेब लाल पटेल (32), निर्मल पटेल (32) और रूपलाल पटेल (45) को ताश से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे और फड़ से 640 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की।
पुलिस ने दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में सभी आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया।


