KCGखास खबरछत्तीसगढ़

खैरागढ़ में सूबेदार, सब इंस्पेक्टर एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई को

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार

360 परीक्षार्थी होंगे शामिल, सुबह 9:45 बजे बंद हो जाएगा परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार

परीक्षार्थी प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र एवं निर्धारित ड्रेस कोड का करें पालन

खैरागढ़, 09 जुलाई 2026// छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सूबेदार, सब इंस्पेक्टर एवं प्लाटून कमांडर भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 (रविवार) को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन कलेक्टर  इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में परीक्षा केंद्र क्रमांक 2901, रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय, खैरागढ़ में किया जाएगा। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर  रेणुका रात्रे ने बताया कि परीक्षा में कुल 360 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा एक ही पाली में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

परीक्षा केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व अर्थात सुबह 9:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र जैसे मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड अथवा ई-आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। परीक्षा में उत्तर अंकित करने के लिए केवल काले अथवा नीले रंग के बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग किया जाएगा।

आयोग के निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून तथा गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े, कार्गो पैंट एवं डिजाइनर परिधान पहनना प्रतिबंधित रहेगा। महिला अभ्यर्थियों के लिए भी पूर्ण बांह के वस्त्र तथा किसी प्रकार के आभूषण पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा। अभ्यर्थियों को जूते अथवा मोटे सोल या ऊंची हील वाले फुटवियर पहनने की अनुमति नहीं होगी तथा केवल पतले सोल वाली चप्पलें अथवा स्लीपर पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।

केंद्राध्यक्ष ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचें। आयोग के नियमों के अनुसार मेटल डिटेक्टर एवं मैन्युअल तलाशी, मूल पहचान पत्र का सत्यापन तथा चेहरे का मिलान (फेस वेरिफिकेशन) किया जाएगा। साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में लाने की अनुमति नहीं होगी। सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र में उल्लिखित निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button