बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर, विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के प्रभाव और आगामी दिनों में तेज आंधी-तूफान एवं अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के सभी स्कूलों में 28 अक्टूबर, बुधवार को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।
जारी आदेश के अनुसार, मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों तथा बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
शासकीय और अशासकीय स्कूलों पर लागू होगा आदेश
यह अवकाश जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में लागू रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और सभी स्कूलों के प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों को आदेश की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


