
खैरागढ़। जिले में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भू-अभिलेख शाखा द्वारा 6 जुलाई 2026 तक जारी तहसीलवार वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में सामान्य औसत से 116.4 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। जिले की चारों तहसीलों में कुल 4222.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि औसत वर्षा 1055.6 मिमी रही।

प्रतिवेदन के अनुसार खैरागढ़ तहसील में सर्वाधिक 1134.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद सालेवारा में 1151.4 मिमी, गंडई में 985.9 मिमी तथा छुईखदान में 950.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
जिले में 1 जून से 6 जुलाई तक लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले, तालाब और जलाशयों में जलस्तर बढ़ा है। अच्छी वर्षा से किसानों के चेहरों पर खुशी है और खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।



