
गैस कनेक्शन मिलने से खाना पकाना हुआ आसान, लकड़ी के धुएं से मिली राहत
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 22 सितंबर : सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों के दैनिक जीवन को सुविधाजनक बना रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत ग्राम सहसपुर निवासी बीना बाई वर्मा को स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिली है। गैस कनेक्शन मिलने के बाद अब उन्हें खाना पकाने में आसानी होने के साथ लकड़ी के धुएं से भी राहत मिली है।
बीना बाई वर्मा, पति कार्तिक वर्मा, को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की जानकारी ग्राम पंचायत के माध्यम से मिली। योजना का लाभ लेने के लिए उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से आवेदन किया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें योजना के तहत गैस कनेक्शन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
योजना के तहत बीना बाई को डबल बर्नर गैस चूल्हा, रेगुलेटर, पाइप और भरा हुआ गैस सिलेंडर मिला। गैस चूल्हे की सुविधा मिलने के बाद वे अब कम समय में आसानी से भोजन तैयार कर पा रही हैं। पहले लकड़ी से खाना पकाने के दौरान रसोई में धुएं की समस्या रहती थी, जिससे उन्हें परेशानी होती थी। गैस चूल्हा मिलने के बाद यह समस्या काफी कम हुई है।
बीना बाई वर्मा ने बताया कि पहले खाना बनाने के लिए लकड़ी का उपयोग करना पड़ता था, जिससे रसोई में काफी धुआं होता था। अब गैस चूल्हा मिलने से खाना बनाना आसान हो गया है। रसोई में धुआं नहीं होता और घरेलू काम भी सुविधाजनक हो गया है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक स्वच्छ ईंधन की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। बीना बाई को मिला गैस कनेक्शन भी इसी बदलाव का उदाहरण है। स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिलने से उनकी रसोई धुआं मुक्त हुई है और खाना पकाने का काम पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हुआ है।



