
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ :
खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के क्षेत्र में जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। छत्तीसगढ़ शासन, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, रायपुर के मार्गदर्शन तथा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में जिले में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों की स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उन्नयन हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन डॉ. आशीष शर्मा तथा अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडेय के मार्गदर्शन एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे के सतत पर्यवेक्षण में जून 2026 में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नई दिल्ली द्वारा अधिकृत ऑडिट एजेंसी के माध्यम से जिले के चयनित खाद्य प्रतिष्ठानों का Hygiene Rating Audit कराया गया। ऑडिट के दौरान प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य प्रबंधन प्रणाली एवं अन्य निर्धारित मानकों के अनुपालन का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
ऑडिट में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं निर्धारित मानकों की सफल पूर्ति के आधार पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नई दिल्ली द्वारा दिनांक 07 जुलाई 2026 को जिले के निम्नलिखित तीन प्रतिष्ठानों को प्रतिष्ठित 5-Star Hygiene Rating प्रदान की गई—
- मेसर्स काशवी इंटरप्राइजेस, खैरागढ़।
- मेसर्स जैन कैफे रेस्टोरेंट, छुईखदान।
- मेसर्स नटराज होटल एंड ढाबा, छुईखदान।
5-स्टार हाइजीन रेटिंग यह प्रमाणित करती है कि संबंधित प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, प्रसंस्करण एवं परोसने की प्रक्रिया भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा निर्धारित उच्च स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित की जा रही है। यह उपलब्धि न केवल संबंधित प्रतिष्ठानों की गुणवत्ता एवं उत्कृष्ट प्रबंधन को दर्शाती है, बल्कि जिले में सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले के अन्य होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं खाद्य व्यवसाय संचालकों से भी आग्रह किया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन करते हुए FSSAI Hygiene Rating Scheme से जुड़ें, जिससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके तथा जिले में खाद्य सुरक्षा की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।



