राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी में खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले ने शुरुआती पांच दिनों में 2,785 किसानों से 12,459.16 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया है। जिले में 15 नवंबर से खरीदी की शुरुआत हुई है और किसानों की सुविधा के लिए 72 धान उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्था बनाई गई है।
खरीदी के पांचवें दिन 19 नवंबर को 718 किसानों को धान विक्रय के लिए टोकन जारी किए गए थे, जिनके माध्यम से 3,200.51 मीट्रिक टन धान पंजीकृत था। टोकनधारी सभी 718 किसानों ने केंद्रों पर पहुंचकर 3,119.20 मीट्रिक टन धान का विक्रय किया, जो उस दिन पंजीकृत धान की मात्रा का 97.46 प्रतिशत है।
समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसानों को ‘तुहर टोकन’ ऐप और सहकारी समितियों के जरिए टोकन लेने की सुविधा मिल रही है। विक्रय की तिथि पहले से तय होने से किसान परिवहन साधनों और मजदूरों का इंतजाम समय पर कर पा रहे हैं, वहीं उपार्जन केंद्रों को भी संभावित आवक और किसानों की संख्या का पूर्वानुमान मिल जाता है।
जिला प्रशासन द्वारा उपार्जन केंद्रों में धान की आवक और खरीदी प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है ताकि किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो। खरीदी के अगले चरण में 20 नवंबर को जिले के सभी 72 उपार्जन केंद्रों के लिए कुल 824 टोकन जारी किए गए हैं।



