KCGखास खबरछत्तीसगढ़

जिला स्तरीय युवा उत्सव आज खैरागढ़ में, 9 विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे युवा

सांसद संतोष पाण्डेय होंगे मुख्य अतिथि, विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा करेंगी अध्यक्षता; कला संगीत विश्वविद्यालय में होगा आयोजन

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-2 में सुबह 10:30 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।

सांसद होंगे मुख्य अतिथि, विधायक करेंगी अध्यक्षता

युवा उत्सव में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य अतिथि होंगे। खैरागढ़ विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्वरी शैलेन्द्र त्रिपाठी, छुईखदान अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश वर्मा, नगर पालिका खैरागढ़ अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, नगर पंचायत छुईखदान अध्यक्ष लाल टाकेश्वर शाह खुशरो और नगर पंचायत गंडई अध्यक्ष नम्रता किशोर दास वैष्णव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

9 विधाओं में होगी प्रतियोगिता

युवा उत्सव में कुल 9 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और रॉकबैंड शामिल हैं।

लोकगीत और लोकनृत्य के माध्यम से प्रतिभागी छत्तीसगढ़ की लोककला एवं संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। चित्रकला और कविता लेखन में युवा अपनी रचनात्मकता दिखाएंगे। नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। वहीं रील चैलेंज और विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के माध्यम से युवाओं को नए विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा

निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। वहीं संगतकारों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। लोकनृत्य एवं लोकगीत दल में अधिकतम 7 प्रतिभागी और 3 संगतकार शामिल हो सकेंगे। नुक्कड़ नाटक एवं रॉकबैंड में अधिकतम 10 सदस्य प्रति दल हिस्सा ले सकेंगे।

प्रतियोगिताओं के लिए समय भी निर्धारित

लोकनृत्य एवं लोकगीत प्रस्तुति के लिए 5 से 8 मिनट और नुक्कड़ नाटक के लिए 7 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। नुक्कड़ नाटक में मंच व्यवस्था के लिए अतिरिक्त 3 मिनट मिलेंगे। चित्रकला प्रतियोगिता के लिए अधिकतम 6 घंटे, कविता लेखन के लिए 90 मिनट और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज के लिए अधिकतम 60 सेकंड की समय-सीमा तय की गई है। रॉकबैंड की प्रस्तुति अधिकतम 20 मिनट की होगी।

विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में ऑनलाइन चरण और चयनित प्रतिभागियों के जिला स्तरीय पीपीटी राउंड के लिए निर्धारित दिशा-निर्देश लागू होंगे।

युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच

जिला स्तरीय युवा उत्सव जिले के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से युवाओं को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को नई पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button