KCGखास खबरछत्तीसगढ़

चक्रवाती तूफान और भारी बारिश का अलर्ट: खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क, 24 घंटे खुलेगा नियंत्रण कक्ष

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवाती गतिविधियों के प्रभाव से प्रदेश में संभावित भारी बारिश की आशंका को देखते हुए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान के उत्तरी आंध्रप्रदेश तट पर लैंडफॉल करने की संभावना है, जिसके असर से 28 और 29 अक्टूबर 2026 को भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है।

​जनसुरक्षा, जल निकासी, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और राहत कार्यों को सुचारू रखने के लिए कलेक्टर ने सभी शासकीय एवं विभागीय प्रमुखों को बिना पूर्वानुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और अपने अमले को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि को रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

​आपातकालीन नियंत्रण कक्ष और संपर्क नंबर

​संभावित अतिवृष्टि से निपटने के लिए कलेक्टर कार्यालय खैरागढ़ के प्रथम तल पर जिला स्तरीय आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

  • ​जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष: 07820-299631
  • ​नोडल अधिकारी (डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा): 8839210868
  • ​राहत शाखा प्रभारी (विपिन बंजारे): 9522221122

​अनुविभाग और तहसील स्तर के संपर्क नंबर:

  • ​खैरागढ़ एवं छुईखदान अनुविभाग (डिप्टी कलेक्टर अविनाश ठाकुर): 9407620657
  • ​तहसील खैरागढ़ (तहसीलदार नेहा ध्रुव): 9424241765 | कार्यालय: 07743-224230
  • ​तहसील छुईखदान (तहसीलदार आशीष देवहरी देवांगन): 9753737536 | कार्यालय: 07743-263503
  • ​तहसील गंडई (तहसीलदार हुलेश्वर कुमार): 7987530639
  • ​तहसील साल्हेवारा (नायब तहसीलदार मोहन झरिया): 9993789156

​किसानों के लिए फसल नुकसान की सूचना हेतु हेल्पलाइन

​संभावित चक्रवाती बारिश को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदा से फसलों को नुकसान होने पर किसान कृषि रक्षक हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों को फिलहाल धान की कटाई स्थगित करने, कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने की अपील की है।

​विभिन्न विभागों के लिए प्रमुख निर्देश

  • ​सड़क और यातायात: लोक निर्माण विभाग को आंधी-बारिश से मुख्य मार्गों पर पेड़ या बिजली खंभे गिरने पर यातायात तुरंत बहाल करने के लिए जेसीबी, क्रेन और मशीनरी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
  • ​जलभराव नियंत्रण: नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को निचले इलाकों तथा जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर पंपों की व्यवस्था करने और जरूरत पड़ने पर राहत शिविरों में पेयजल व सूखे राशन का प्रबंध करने को कहा गया है।
  • ​स्वास्थ्य सेवाएं: सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखते हुए जीवनरक्षक दवाइयों, सर्पदंश रोधी इंजेक्शन और क्लोरीन टैबलेट का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • ​विद्युत और जल संसाधन: विद्युत विभाग को त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित करने तथा जल संसाधन विभाग को बांधों व जलाशयों के जलस्तर की सतत निगरानी करने को कहा गया है।

​जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि इस दौरान अनावश्यक जोखिम न उठाएं और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button