
खैरागढ़ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत की कार्रवाई, न्यायालय में पेश कर कराया बाउंड ओवर
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : सार्वजनिक स्थानों पर विवाद, लड़ाई-झगड़ा और मारपीट कर लोगों को परेशान करने वाले तीन लोगों के खिलाफ खैरागढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की और न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को धरमपुरा स्थित शराब भट्ठी के पास तथा 26 अक्टूबर को खैरागढ़ बस स्टैंड के पास विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने के मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
तीन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान यशवंत सारथी (44), निवासी वार्ड क्रमांक 8, तुरकारीपारा खैरागढ़; मोहन ढीमर (36), निवासी वार्ड क्रमांक 11, धरमपुरा खैरागढ़; और सावंत सारथी (29), निवासी वार्ड क्रमांक 17, दौउचौरा खैरागढ़ के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने तीनों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा क्रमांक 70/378/26 और 71/379/26 कायम किया। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां बाउंड ओवर की कार्रवाई कराई गई।
शांति भंग करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
खैरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर विवाद कर शांति भंग करने और आम लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



