राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ 19 अगस्त 2026// प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले में ग्रामीण सड़कों के रखरखाव और आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में PMGSY-II के तहत स्वीकृत ढारा-मुढ़ीपार से लक्षना सड़क, जिसकी लंबाई 14.40 किलोमीटर है, के नवीनीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
इस सड़क का निर्माण कार्य 10 अप्रैल 2019 को पूर्ण हुआ था। नियमानुसार सड़क की पांच वर्ष की संधारण अवधि 10 अप्रैल 2024 को समाप्त हो चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सड़क के नवीनीकरण के लिए स्वीकृति की कार्यवाही का प्रस्ताव उच्च कार्यालय को प्रेषित किया जा चुका है।
इसी बीच वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के लिए संबंधित अभियंता द्वारा सड़क का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर आवागमन की स्थिति का अवलोकन करते हुए नवीनीकरण स्वीकृति मिलने तक सड़क को यथासंभव आवागमन योग्य बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की तैयारी की जा रही है।
बारिश रुकने के बाद सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने का कार्य कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों और अन्य राहगीरों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो। नवीनीकरण की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद सड़क के आवश्यक सुधार एवं नवीनीकरण का कार्य नियमानुसार आगे बढ़ाया जाएगा।



